MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आम बजट सुनेंगे। इसके अलावा वे गुजरात भी जाएंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम सुबह 10:10 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे। सुबह 10:30 डेली कॉलेज में पुस्तक विमोचन करेंगे। सुबह 11 बजे केंद्रीय आम बजट 2026-27 सुनेंगे। दोपहर 1:25-2:30 बजे संगम नगर आगमन और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4:40 बजे इंदौर एयरपोर्ट से गुजरात के धोरडो (कच्छ) हेलीपैड पहुंचेंगे। जहां धोरदो में स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

आम बजट का होगा लाइव प्रसारण

बीजेपी प्रदेश कार्यालय समेत प्रदेशभर में केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण होगा। 1 फरवरी से 15 फरवरी तक “बजट प्रचार अभियान-2026” चलाया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता, आमजनों के साथ केंद्रीय बजट का श्रवण करेंगे। बजट प्रचार अभियान-2026 को लेकर प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है।

मध्यप्रदेश में किसानों को बड़ी सौगात

फरवरी का पहला सप्ताह किसानों के लिए सौगात भरा साबित होगा। दरअसल, डॉ मोहन यादव की सरकार किसानों को बोनस देगी। डिंडोरी जिले में कोदो-कुटकी का बोनस वितरण होगा। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वर्ष 2025 में 2800 टन कोदो-कुटकी की शासकीय खरीदी की गई। मध्यप्रदेश के 16 जिलों में कोदो-कुटकी का बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है।

कृषक कल्याण वर्ष का कैलेंडर जारी

कृषक कल्याण वर्ष को लेकर फरवरी का कैलेंडर तैयार हो चुका हैं। फरवरी के पहले सप्ताह में कोदो-कुटकी किसानों को बोनस वितरण होगा। फरवरी के दूसरे सप्ताह में गुलाब महोत्सव आयोजित होगा। तीसरे सप्ताह में शत-प्रतिशत किसानों के आईडी पंजीयन और किसान उन्मुखी योजनाओं के एग्रीस्टैक से एकीकरण के लिए निमाड़ क्षेत्र के किसी जिले में राज्यस्तरीय एग्रीस्टैक एवं डिजिटल कृषि प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह में कृषि मंथन के नाम से अलग-अलग जिलों में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मार्च में राज्य स्तरीय सहकारिता सम्मेलन होगा। इसके जरिए किसानों को नये कृषि ऋण देने के अलावा कृषक न्याय मित्र योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जाएगा। सम्मेलन से जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के जरिए किसानों को डोर स्टेप बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की शुरुआत भी की जाएगी।

आज इंदौर में संघ के दिग्गजों का जमावड़ा

इंदौर में आज संघ के दिग्गजों का जमावड़ा रहेगा। डेली कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भैयाजी जोशी मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। गर्भधारण संस्कार के मुद्दे पर नई पीढ़ी का मार्गदर्शन किया जायेगा। दूसरा कार्यक्रम संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी दिनकर राव सबनीस का है। उनके परिजन अपना पैतृक निवास संघ को स्थाई तौर पर देंगे। इस कार्यक्रम में संघ के सुरेश सोनी के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहेंगे। अघोषित छुट्टी से लौटने के बाद विजयवर्गीय पहली बार मुख्यमंत्री के साथ किसी मंच पर एक साथ रहेंगे।

पीसीसी चीफ लेंगे बैठक

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी आज रीवा और छतरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे संगठनात्मक बैठक करेंगे। पीसीसी चीफ कार्यकर्ताओं से आगमी रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे।

भोपाल चैंबर चुनाव आज

आज रविवार को भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) का चुनाव होगा। इस इलेक्शन में कुल 2236 मतदाता वोट करेंगे। मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। अध्यक्ष पद के लिए गोविंद गोयल और तेजकुलपाल सिंह पाली के बीच मुकाबला होगा। वहीं कल सोमवार को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m