राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यानी 14 मार्च को बैतूल और कटनी जिलों के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के जरिए शुजालपुर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे और नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद 11:50 बजे भोपाल से बैतूल के लिए रवाना होंगे। बैतूल पहुंचकर वे सबसे पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास पर जाएंगे।
दोपहर 1:15 बजे बैतूल से विजयराघवगढ़ (कटनी जिले में बरही क्षेत्र) के लिए रवाना होंगे। वहां बरही में किसान सम्मेलन में शामिल होकर किसानों को संबोधित करेंगे और उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। शाम 5:40 बजे बरही से जबलपुर के लिए रवाना, और उसी समय डुमना एयरपोर्ट से भोपाल वापसी का कार्यक्रम है। शाम 6:30 बजे तक सीएम भोपाल पहुंच जाएंगे।
भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जहां एक तरफ गैस सिलेंडरों की किल्लत और लंबी कतारों से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ कालाबाजारी करने वालों पर लगाम कसने की कार्रवाई तेज हो गई है। भोपाल के थाना कोलार रोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध तरीके से कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को रोका और जांच की। वाहन में अवैध रूप से भरे हुए इंडेन कंपनी के कुल 25 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। ये सिलेंडर घरेलू उपयोग के लिए आरक्षित हैं, लेकिन इन्हें काले बाजार में बेचने के इरादे से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने पूरे वाहन सहित 25 सिलेंडर जब्त कर लिए हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
TET परीक्षा के खिलाफ शिक्षकों में उबाल, पूर्व विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी
भोपाल और पूरे प्रदेश में शिक्षक संगठनों ने कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपे हैं, वहीं सुसनेर के पूर्व बीजेपी विधायक मुरलीधर पाटीदार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह को पत्र लिखकर TET परीक्षा का आदेश तत्काल निरस्त करने की मांग की है।पत्र में उन्होंने लिखा है कि 25 साल से अधिक समय तक पूर्ण समर्पण और बहुत कम वेतन पर काम करने वाले शिक्षाकर्मी, संविदा शाला शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारतीय परंपरा में गुरुओं का स्थान हमेशा सर्वोच्च रहा है।
शासन की जिम्मेदारी है कि शिक्षकों को उचित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराए। लेकिन लंबे अनुभव और कार्यसिद्धि के बावजूद सेवानिवृत्ति से पहले TET परीक्षा देने का आदेश समूचे शिक्षक समाज को हतप्रभ कर गया है।इससे भ्रम, असंतोष और असुरक्षा की स्थिति पैदा हो गई है। शिक्षक चिंतित और आंदोलित हैं। पूर्व विधायक ने मांग की है कि TET परीक्षा के निर्देश निरस्त किए जाएं। जरूरत पड़े तो शिक्षा का अधिकार अधिनियम में भी संशोधन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है – यदि त्वरित सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलित शिक्षक समाज उग्रता की ओर बढ़ेगा और इसमें उनका पूरा समर्थन रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

