शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के साथ होगी। यह अभियान 1 अप्रैल से 4 अप्रैल तक चार दिनों तक चलेगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने अभियान की सफल तैयारी के लिए सभी जिलों के कलेक्टर्स और जिला शिक्षाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अभियान के दौरान प्रदेश की लगभग 92 हजार सरकारी शालाओं में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रवेशोत्सव, नामांकन अभियान, खेल-कूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बाल सभाएं शामिल होंगी।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति रहेगी। इस दौरान निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों, साइकिलों और अन्य सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना, नामांकन बढ़ाना और नए सत्र की शुरुआत उत्सव के रूप में मनाना है। विभाग के निर्देशों के अनुसार, अभियान के चार दिनों में विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी, जिसमें पालकों के साथ संवाद, प्रेरक कार्यक्रम और स्कूल परिसर की साफ-सफाई भी शामिल है। सरकार का मानना है कि ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के जरिए शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सरकारी स्कूलों में नामांकन में और इजाफा होगा।
1 अप्रैल जनता के जेब पर डबल अटैक !
आज 1 अप्रैल है और ये अप्रैल फूल नहीं, बल्कि आम जनता के लिए महंगाई का सच्चा झटका है! भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में आज से कई जरूरी चीजें महंगी हो गई हैं। टीवी, एसी, दूध, बिजली, ब्रेड, डिटर्जेंट, साबुन और टोल-फास्टैग तक पर असर। कह सकते हैं कि जनता की जेब पर डबल अटैक हुआ है। सबसे पहले बिजली का झटका। मध्य प्रदेश में बिजली दरों में 4.80% की बढ़ोतरी हो गई है। गर्मी के मौसम में एसी और कूलर चलाने वाले घरों पर सीधा बोझ बढ़ेगा। 150 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत करने वालों का बिल और महंगा हो जाएगा। दूध भी महंगा हो गया है। कई इलाकों में दूध के दाम 3 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गए हैं। जो 30 रुपये का ब्रेड मिलता था, वो अब 35 रुपये में मिलेगा। रोजमर्रा की चीजें जैसे डिटर्जेंट, साबुन और अन्य घरेलू सामान भी 20 से 25 प्रतिशत तक महंगे हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यानी 1 अप्रैल को भोपाल में व्यस्त कार्यक्रमों में रहेंगे। सुबह से दोपहर तक विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर पहुंचेंगे। यहां वे राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव एवं निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की जाएंगी।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे वे समत्व भवन में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड के संचालक मंडल की 48वीं बैठक लेंगे। बैठक में राज्य की सड़क विकास योजनाओं पर अहम फैसले लिए जा सकते हैं। दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। शाम 4:20 बजे वे मध्यप्रदेश भवन, दिल्ली पहुंचकर वहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

