शिखिल ब्यौहार, भोपाल। आज 21 मार्च चैत्र नवरात्रि का तीसरा दिन है। इस पावन अवसर पर भक्त मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की आराधना कर रहे हैं। मां चंद्रघंटा का स्वरूप शांति और वीरता का अनुपम प्रतीक है। इनके मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित है, जिस कारण इनका नाम चंद्रघंटा पड़ा। यह रूप भय का नाश करता है, साहस प्रदान करता है और भक्तों को मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग विधि-विधान से मां की पूजा-अर्चना कर रहे हैं – लाल फूल, दूध-मिठाई का भोग, घंटियां बजाकर आरती, और मंत्र जाप। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां चंद्रघंटा की उपासना से तनाव, भय और नकारात्मकता दूर होती है, तथा जीवन में सुख-समृद्धि आती है।  

जयपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जयपुर दौरे पर रहेंगे, सीएम यहां उद्योगपतियों के साथ महत्वपूर्ण इंटरएक्टिव सेशन में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का नाम है – “इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्यूनिटीज इन मध्यप्रदेश” है। इस सेशन में टेक्सटाइल, इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) और ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग जैसे प्रमुख सेक्टरों के निवेशक शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्य की नई औद्योगिक नीतियों, उन्नत अधोसंरचना, आकर्षक प्रोत्साहन योजनाओं और निवेश के विशाल अवसरों के बारे में विस्तार से बताएंगे। उद्देश्य स्पष्ट है – जयपुर और राजस्थान के उद्योग जगत को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करना, जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास हो। 

सीएम मोहन का दौरा कार्यक्रम 

  • सुबह 11:15 बजे – भोपाल से जयपुर के लिए रवाना
  • दोपहर 1:00 से 4:30 बजे – इंटरएक्टिव सेशन (आईटीसी राजपूताना, जयपुर) में भागीदारी, रोड-शो और वन-टू-वन संवाद
  • शाम 5:00 बजे – होटल रोज अमेर, जयपुर में स्थानीय कार्यक्रम
  • शाम 7:00 बजे – जयपुर से भोपाल के लिए वापसी
  • रात्रि 8:10 बजे – भोपाल पहुंचेंगे

 मध्यप्रदेश में अगले दो दिनों तक रहेगा बारिश का दौर

मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ (टर्फ) के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पिछले तीन दिनों में ही 42 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिर चुके हैं। कई इलाकों में ओलावृष्टि से गेहूं, पपीता, केले और संतरे की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। किसानों में चिंता का माहौल है।

ग्वालियर जैसे शहरों में दिन और रात के तापमान में 4.7 डिग्री तक का अंतर देखा गया, जिससे ठंडक महसूस हो रही है। अगले 48 घंटों में टीकमगढ़, सतना, रीवा, सिंगरौली, मऊगंज, कटनी, सीधी समेत कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। कुछ जगहों पर हवाओं की रफ्तार 40-60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 22-23 मार्च तक सिस्टम कमजोर पड़ने की उम्मीद है, उसके बाद मौसम सामान्य होने लगेगा।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m