हेमंत शर्मा, इंदौर। एमपी पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मंगलवार को इंदौर दौरे पर रहे। जहां कांग्रेस कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में पार्टी की रणनीति को लेकर मंथन किया गया। दरअसल, मालवा निमाड़ में अपनी जमीन को फिर से तैयार करने के लिए इंदौर को केंद्र बनाकर कांग्रेस काम करने जा रही है। इस मीटिंग में शहर कार्यकारिणी, सभी मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हुए।

मालवा निमाड़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान शहर की 9 विधानसभा सीटों के साथ-साथ मालवा-निमाड़ क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर रणनीति तैयार की गई। कांग्रेस अब बूथ स्तर से अभियान शुरू करने की तैयारी में है, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय किया जा सके।

ये भी पढ़ें: ‘एक फूंक मारेंगे तो पाकिस्तान में गिरोगे’ कहने वाले MLA भोपाल तलबः अंबरीश शर्मा ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखा अपना पक्ष, जानिए क्या है मामला

बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि जो नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर काम नहीं कर रहे हैं, वे पार्टी के नहीं बल्कि बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरकर सक्रिय भूमिका निभाने की नसीहत दी। हालांकि बैठक के बाद कांग्रेस कार्यालय में अव्यवस्था भी देखने को मिली। जहां भोजन को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिससे संगठनात्मक अनुशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m