उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब बीच सड़क पर लगे होर्डिंग पोल पर एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। वहीं पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल मर्ग कामय कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

यह पूरा मामला मोती नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह खुरई रोड स्थित गल्ला मंडी के पास बीच सड़क होर्डिंग पोल पर एक युवक का शव लटका मिला। राहगीरों ने सड़क किनारे लगे पोल पर युवक को झूलता देख तत्काल पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें: ओंकारेश्वर में डूबा यूपी का युवक: नर्मदा नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा, सर्च ऑपरेशन जारी…

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पहचान हीरालाल पिता परमलाल (22) निवासी गल्ला मंडी के रूप में हुई है। प्रारंभिक रूप से मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृतक के परिजनों ने कुछ नामजद लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि हीरालाल की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है।

ये भी पढ़ें: लालच ऐसी कि डेड बॉडी को भी नहीं बख्शा: अस्पताल कर्मी ने मृत महिला के गले से मंगलसूत्र किया पार, पोस्टमार्टम के लिए रखा था शव

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस के अनुसार, अब तक मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m