आरिफ शेख, श्योपुर। मध्य प्रदेश प्रदेश के श्योपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें महिला जेल भेजा गया है। यह पूरा मामला साल 2021 में बाढ़ राहत घोटाले से जुड़ा हुआ है।

महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर को ग्वालियर निवास से बड़ौदा पुलिस ने अरेस्ट किया है। पुलिस ने हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें शिवपुरी की महिला जेल भेजा गया है। दरअसल, अमिता सिंह पर 2021 में श्योपुर जिले में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान प्रभावितों को दी जाने वाली राहत राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप है। जांच में 2.57 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा हुआ था। इस मामले में तत्कालीन तहसीलदार बड़ौदा अमिता सिंह तोमर मुख्य आरोपी हैं। कुल 110 लोग आरोपी हैं, जिनमें 28 पटवारी भी शामिल हैं। आरोप है कि राहत राशि के वितरण में फर्जीवाड़ा किया गया और बाढ़ पीड़ितों को उनका हक नहीं मिला।

KBC फेम से सुर्खियों में आई थीं अमिता सिंह

अमिता सिंह तोमर साल 2011 में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) सीजन-5 में भाग लेकर 50 लाख रुपये जीते थे। वे ‘KBC वाली मैडम’ के नाम से प्रदेश में चर्चित रहीं। वर्तमान में वे श्योपुर जिले की विजयपुर तहसील में तहसीलदार पद पर तैनात हैं। उपभोक्ता संगठन और स्थानीय लोग लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब जांच एजेंसी और पुलिस तेजी से कार्रवाई कर सकती है।

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी जमानत याचिका

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने विजयपुर तहसीलदार अमिता सिंह तोमर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज की थी। SC ने स्पष्ट कहा था कि “याचिकाकर्ता को अग्रिम जमानत देने का कोई आधार नहीं बनता है”। इस फैसले के बाद अमिता सिंह तोमर की गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज हो गई थी। आपको बता दें कि विशेष न्यायालय श्योपुर और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ग्वालियर बेंच से पहले ही उनकी जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी थी।

अमिता सिंह तोमर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m