हेमंत शर्मा, महू (इंदौर)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां स्थानीय डॉक्टर सईद खान पर एक हिंदू युवती के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेल और नशीला इंजेक्शन देकर शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने हिंदू संगठन से मदद मांगी, जिसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर के घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। बडगोंडा थाना पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला ?

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पीड़ित युवती करीब 4 महीने पहले डॉ सईद खान के क्लीनिक में इलाज कराने आई थी। डॉक्टर ने दोस्ती के बहाने युवती को प्रेम जाल में फंसाया। बाद में उसने युवती को बेल्मोर रिसोर्ट (Belmore Resort) पर बुलाकर ब्लैकमेल किया। आरोपी ने युवती को नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान अश्लील फोटो और वीडियो भी खींचे, जिनके जरिए वह लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और युवती से जबरन संबंध बनाता रहा।

पीड़िता ने हिंदू संगठन से लगाई मदद की गुहार 

युवती ने इस उत्पीड़न से तंग आकर हिंदू संगठन के लोगों से संपर्क किया और मदद मांगी। रविवार को संगठन के कार्यकर्ताओं को जानकारी मिली कि आरोपी ने फिर से युवती को पातालपानी क्षेत्र के बेलमोर रिसोर्ट बुलाया है। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर डॉ सईद की पिटाई की और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

परिजनों का आक्रोश

इस घटना से गुस्साए पीड़ित युवती के परिजनों और स्थानीय लोगों ने डॉक्टर सईद खान के घर पर पहुंचकर तोड़फोड़ की। उन्होंने घर में आग लगा दी, जिससे घर काफी हद तक जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जांच शुरू की।

पुलिस कार्रवाई

बडगोंडा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर IPC की धारा 376 (दुष्कर्म), ब्लैकमेलिंग, आपराधिक धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी डॉ सईद खान को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m