कुमार उत्तम/​मुजफ्फरपुर। जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित आश्रम घाट एक बार फिर सुर्खियों में है। सोमवार से लापता अनिल कुमार साहनी का शव नदी से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक बालू घाट ब्रह्मस्थान के निवासी थे।

​लापरवाही के आरोप

​मृतक की पत्नी गुड़िया देवी और पुत्र हर्ष कुमार का आरोप है कि अनिल कुमार के लापता होने के बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते त्वरित कार्रवाई करती, तो शायद जान बचाई जा सकती थी। आज अचानक शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया है।

लगातार मिल रहे शव, दहशत में स्थानीय लोग

​हैरानी की बात यह है कि कुछ ही दिनों पहले इसी आश्रम घाट से एक महिला का शव भी बोरे में बंद मिला था। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों ही मामलों में पीड़ितों ने पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन परिणाम स्वरूप केवल शव ही बरामद हुए। वार्ड पार्षद पति दीपू साहनी और पूर्व पार्षद विकास साहनी ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस क्षेत्र में बार-बार शव मिलना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। उन्होंने मांग की है कि इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए और आवेदनों पर तुरंत एक्शन लिया जाए।

​जांच में जुटी फॉरेंसिक और पुलिस टीम

​घटना की गंभीरता को देखते हुए सिकंदरपुर थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है।