कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। बिहार स्थापना दिवस के गौरवशाली अवसर पर मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक खुदीराम बोस मैदान में तीन दिवसीय समारोह का भव्य आगाज हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी कांतेश मिश्रा और जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक रंजन कुमार, केदार गुप्ता, अजीत कुमार, अजय कुमार, बेबी कुमारी सहित एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह और बंशीधर बृजवासी मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन के बाद आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर उत्सव की आधिकारिक शुरुआत की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत मुखर्जी सेमिनरी हाई स्कूल के छात्रों द्वारा गाए गए बिहार गीत से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह में राज्य के प्रति गर्व का भाव भर दिया। इसके बाद किलकारी भवन और विभिन्न सांस्कृतिक संगठनों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नाटकों और नृत्यों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे बाल विवाह, मद्य निषेध और नशाखोरी पर कड़ा प्रहार किया गया। पूरे आयोजन में बिहार की लोक कला और लोक संस्कृति को प्रमुखता दी गई।
तकनीक और विकास का प्रदर्शन
मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और कुटीर उद्योगों के कुल 27 स्टॉल लगाए गए हैं। कृषि विभाग की ओर से आधुनिक खेती का प्रदर्शन करते हुए ड्रोन के माध्यम से दवा छिड़काव का लाइव डेमो दिखाया गया, जो किसानों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
जी़विका दीदी की रसोई
पूरे परिसर में सबसे अधिक रौनक जी़विका दीदी की रसोई और मशरूम उत्पादन के स्टॉल्स पर देखने को मिली। खाने-पीने के शौकीनों की भारी भीड़ मशरूम से बने विशेष पकौड़े, सिंघाड़ा, लिट्टी और बिरयानी का लुत्फ उठाती दिखी। साथ ही लिचीपुरम आर्ट के स्टॉल पर मुजफ्फरपुर की पहचान को कलात्मक रूप में प्रदर्शित किया गया। यह तीन दिवसीय आयोजन जिले की प्रगति और सांस्कृतिक विरासत के अद्भुत संगम के रूप में उभर रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

