मुजफ्फरपुर। जिले में होली का त्योहार उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग स्थित नूनफर मोहल्ले में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने हमला बोल दिया, जिसमें पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​पुरानी रंजिश में चले लाठी-डंडे

​घटना की शुरुआत नूनफर मोहल्ले में दो पक्षों के बीच हुई पुरानी दुश्मनी को लेकर हुई। देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर टूट पड़े। इलाके में मची अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत मिठनपुरा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

​पुलिस से उलझी भीड़

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मारपीट कर रहे चार युवकों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने लगी। इसी दौरान वहां मौजूद महिलाएं और अन्य युवक पुलिस से उलझ गए। भीड़ ने उग्र रुख अपनाते हुए पुलिस की गाड़ी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वाहन के पीछे का शीशा चकनाचूर हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हुई इस नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

5 आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

​नगर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सुरेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुल आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।