कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले के पारु विधानसभा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के स्थानीय विधायक शंकर राय के निजी चालक, सूरज कुमार (35 वर्ष), का शव विधायक के आवास के समीप ही संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

​शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

​मृतक सूरज कुमार का शव विधायक के घर के पास स्थित झाड़ियों में फेंका हुआ मिला। परिजनों के मुताबिक, सूरज के शरीर पर चोट और गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जो बेरहमी से की गई मारपीट और हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक शंकर राय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​सूरज कुमार पारु के बिशनपुर गोपाल गांव के निवासी रामस्वरूप साह के पुत्र थे। उनकी पत्नी रंभा देवी, जो माणिकपुर की रहने वाली हैं, का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश और शोक व्याप्त है। सूरज पिछले काफी समय से विधायक के निजी ड्राइवर के रूप में कार्यरत थे।

​जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम

​सूचना मिलते ही एसडीपीओ (पश्चिम) दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि अभी मौत के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। वैज्ञानिक साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।