कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। त्योहारों के मद्देनजर मुजफ्फरपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में बोचांह थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी भुसाही पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान हुई।

​चेकिंग के दौरान धरे गए आरोपी

​जानकारी के अनुसार, बोचांह थाना पुलिस भुसाही पुल के पास सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर सकपकाने लगे। संदेह होने पर जब पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोका और तलाशी ली, तो उनके पास से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की पहचान अभिमन्यु कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है, जो बोचांह क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

​बिना कागजात की बाइक जब्त

​तलाशी के दौरान आरोपी अपनी मोटरसाइकिल के वैध कागजात भी पेश नहीं कर पाए, जिसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद बाइक चोरी की है या नहीं। साथ ही, दोनों आरोपियों के पुराने अपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है ताकि उनके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

​एसएसपी का सख्त निर्देश

​सीनियर एसपी (SSP) कांतेश मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आगामी होली और रमजान के त्योहारों को देखते हुए जिले भर में विशेष निगरानी बरती जा रही है। सभी थानों को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में चौकन्ना रहें, सघन गश्त करें और मद्य निषेध कानून को सख्ती से लागू कराएं। यह कार्रवाई इसी सुरक्षा अभियान का हिस्सा है।