मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प और जगतवीर राय (55) की मौत ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज यानी बुधवार को चोरनिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। 17 मार्च को हुई इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल है और विपक्षी दल लगातार नीतीश सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेर रहे हैं।
क्या है पूरा विवाद?
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च को पुलिस की एक टीम बेरूआ पंचायत के चोरनिया गांव में पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को पकड़ने गई थी। गिरफ्तारी के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस का कड़ा विरोध किया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। पुलिस का दावा है कि भीड़ ने उन पर हमला किया, जिसके बचाव में उन्हें हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों की ओर से भी गोलीबारी हुई, जिसमें जगतवीर राय को गोली लगी और उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष पर प्वाइंट ब्लैंक फायरिंग का आरोप
पुलिसिया थ्योरी के उलट, मृतक के बेटे अविनाश कुमार ने थानाध्यक्ष राजा सिंह पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। अविनाश का कहना है कि जब उनके पिता ने पुलिस की छापेमारी रोकने का प्रयास किया, तो थानाध्यक्ष ने बिना किसी चेतावनी के उनके सीने में गोली मार दी। इतना ही नहीं, एक और गोली चलाई गई जो पास खड़ी भैंस को छूकर निकल गई। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि यह आत्मरक्षा में की गई हवाई फायरिंग नहीं, बल्कि सीधे तौर पर हत्या है।
पप्पू यादव की चेतावनी और संघर्ष समिति
इससे पहले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव दो बार गांव का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने इस मामले में संघर्ष समिति का गठन किया है और आरोपी थानाध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग की है। पप्पू यादव ने स्पष्ट किया है कि जब तक मामले का स्पीडी ट्रायल शुरू नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। स्थानीय नेताओं और मशाल जुलूस के माध्यम से लगातार पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा है।
नेताओं का तांता
जगतवीर राय की मौत के बाद चोरनिया गांव राजनीति का अखाड़ा बन गया है। सांसद राजभूषण निषाद और एमएलसी बंशीधर ब्रिजवाशी समेत कई दिग्गज नेता अब तक परिजनों से मिल चुके हैं। अब तेजस्वी यादव के पहुंचने से इस मामले पर सरकार की घेराबंदी और तेज होने की उम्मीद है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक क

