कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक एएसआई (ASI) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के दोनों पैरों में गोली लगी है। फिलहाल दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है।
चेकिंग के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, बेला थाना क्षेत्र में लगातार हो रहे एटीएम फ्रॉड की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम रेकी कर रही थी। इसी दौरान एएसआई अशोक कुमार सिंह (40 वर्ष) ने एक एटीएम के पास संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही अपराधी मोटरसाइकिल से भागने लगे। पीछा करने के दौरान अपराधी अनियंत्रित होकर गिर गए, लेकिन खुद को घिरा देख उन्होंने एएसआई पर फायरिंग कर दी। गोली एएसआई के पेट के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े।
थाना प्रभारी की जवाबी कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद बेला थाना प्रभारी ने मोर्चा संभाला और घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली अपराधी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह पस्त हो गया। आनन-फानन में पुलिस बल ने घायल एएसआई और अपराधी को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
घायल एएसआई अशोक कुमार सिंह को बैरिया स्थित मां जानकी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर गौरव वर्मा ने बताया कि गोली पेट के दाहिने हिस्से में है, जिसे ऑपरेशन के जरिए निकाला जाएगा। वहीं, अपराधी का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस कस्टडी में चल रहा है।
सिटी एसपी का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए सिटी एसपी मुहिबुल हक अंसारी ने बताया कि एटीएम फ्रॉड गिरोह पर नजर रखने के दौरान यह मुठभेड़ हुई। अपराधियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर हमला किया, जिसमें हमारे अधिकारी घायल हुए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


