कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर कुंडल इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहा एक टेंट संचालक, राजू सहनी ने भू-माफियाओं के कथित दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

​करोड़ों की जमीन पर माफियाओं की नजर

​मृतक की बहन रीना देवी ने बताया कि विवाद की जड़ सवा दो कट्ठा जमीन है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 50 से 60 लाख रुपये प्रति कट्ठा है। इस कीमती जमीन को स्थानीय भू-माफिया बेहद कम दाम में हथियाना चाहते थे। रीना के अनुसार, पिछले एक साल से भू-माफिया शंभू सहनी, नितेश सहनी और रतन सहनी उनके भाई को जमीन बेचने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

​अपहरण और जबरन कागजात बनवाने का आरोप

​परिजनों का आरोप है कि करीब एक साल पहले आरोपियों ने 13 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए थे। तीन महीने पहले आरोपियों ने राजू सहनी का अपहरण कर लिया और उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर जबरन कागजात पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद से वे लगातार जमीन की रजिस्ट्री करने का दबाव बना रहे थे। जब राजू ने अपनी चार बेटियों के भविष्य का हवाला देते हुए जमीन बेचने से मना किया, तो आरोपी दिए गए पैसों पर भारी ब्याज (सूद) मांगने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे।

​पंचायत से भी नहीं निकला समाधान

​राजू सहनी ने इस मानसिक प्रताड़ना से बचने के लिए कई बार स्थानीय स्तर पर पंचायत भी बुलाई थी। उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि वे अपनी जमीन नहीं बेचना चाहते, लेकिन माफियाओं का दबाव कम नहीं हुआ। इसी तनाव के कारण राजू ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

​पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई

​नगर एसडीपीओ-1 डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।