मुजफ्फरपुर। जिले के पियर थाना क्षेत्र के करैला गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक कथित झोलाछाप डॉक्टर द्वारा दिए गए गलत इंजेक्शन के कारण 25 वर्षीय युवक सूरज सहनी की जान चली गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डॉक्टर के घर के बाहर शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया।
सर्दी-खांसी का इलाज बना जानलेवा
मृतक सूरज सहनी हैदराबाद में मजदूरी करता था और हाल ही में अपनी बहन की शादी के लिए घर आया था। परिजनों के अनुसार, उसे सामान्य सर्दी-खांसी की शिकायत थी। बुधवार दोपहर जब वह स्थानीय झोलाछाप डॉक्टर के पास पहुंचा, तो उसे दवा के साथ एक इंजेक्शन दिया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद सूरज की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे शहर ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का हंगामा और पुलिस की कार्रवाई
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी डॉक्टर के घर को घेर लिया और करीब दो घंटे तक हंगामा करते हुए गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए आरोपी चिकित्सक क्लीनिक बंद कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पियर थाना प्रभारी और एसडीपीओ (पूर्वी-दो) मनोज कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया है।
परिवार का इकलौता चिराग बुझा
सूरज तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से मां इंदु देवी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने पीछे दो साल का मासूम बेटा छोड़ गया है। बहन की शादी की तैयारियों वाले घर में अब मातम पसरा है। पुलिस ने परिजनों को उचित कानूनी कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


