नालंदा। जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। बिहारशरीफ के पास मघड़ा गांव स्थित प्रसिद्ध माता शीतला देवी मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस हादसे में 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल है।
मृतकों की पहचान और परिजनों का बुरा हाल
हादसे में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं हैं। अब तक दो मृतकों की शिनाख्त हो सकी है, जिनमें नालंदा निवासी रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) शामिल हैं। मृतक रेखा देवी के पुत्र ने बताया कि वे नूरसराय मथुरापुर के निवासी हैं। चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार और मंगला मेला होने के कारण उनकी मां दर्शन के लिए गई थीं, लेकिन भीड़ के दबाव में यह हादसा हो गया।
क्यों उमड़ी थी हजारों की भीड़?
चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी यानी शीतला अष्टमी का इस मंदिर में विशेष महत्व है। परंपरा के अनुसार, इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और माता को बासी (ठंडा) भोजन का भोग लगाया जाता है। आज चैत्र का आखिरी मंगलवार होने के कारण आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा था। हजारों की संख्या में श्रद्धालु कतारों में खड़े थे, तभी अचानक अव्यवस्था फैली और भगदड़ मच गई।
प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल मेला और मंदिर को बंद करवा दिया है। राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और घायलों को बेहतर उपचार दिलाने में जुटे हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

