वीरेंद्र कुमार/ नालंदा। जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।
तेलमर में स्कॉर्पियो की टक्कर से चरवाहे की मौत
पहली घटना तेलमर थाना क्षेत्र के तेलमर गांव की है। जानकारी के अनुसार रघुवीर मांझी रोज की तरह सुबह बकरी चराने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक वाहन सहित उन्हें काफी दूर तक घसीटता ले गया। घटनास्थल पर ही रघुवीर मांझी ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
चंडी में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला
दूसरी घटना चंडी थाना क्षेत्र के सालेपुर मोड़ के पास हुई। मोटरसाइकिल सवार राजीव कुमार को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। परिजनों के मुताबिक राजीव बेलधा से अपने ससुराल बारसलीगंज जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। थाना अध्यक्षों ने बताया कि अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इन घटनाओं ने सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सड़कों पर रफ्तार पर लगाम कब लगेगी?
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


