नालंदा। जिले में महापर्व छठ के उल्लास के बीच एक मामला सामने आया है नूरसराय थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान मेयार निवासी दिनेश पासवान के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने नीरज के ही दोस्तों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

​त्योहार की खुशी मातम में बदली

​मृतक नीरज पेशे से ड्राइवर था। घर में उसकी मां ने छठ का व्रत रखा था और पूरा परिवार उत्सव की तैयारी में जुटा था। सोमवार सुबह नीरज अपनी गाड़ी लेकर दोस्तों के साथ साउंड सिस्टम (बाजा) लाने के लिए घर से निकला था। परिजनों का कहना है कि वह घर से हंसी-खुशी विदा हुआ था, लेकिन उसे क्या पता था कि वह जीवित वापस नहीं लौटेगा।

​परिजनों का आरोप

​नीरज के भाई रोशन कुमार ने आरोप लगाया कि साथ गए दो युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर किसी सुनसान जगह पर ले गए और वहां उसकी हत्या कर दी। मृतक की बहन सोनम ने बिलखते हुए बताया कि उसके भाई की जान लेने के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है। परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों को बिना उचित जांच के ढील दी जा रही है।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि गश्ती दल को सड़क किनारे एक युवक बेहोशी की हालत में मिला था। उसे तुरंत बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
​पुलिस ने मौके से दो अन्य संदिग्ध युवकों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी और दावा किया है कि जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल, युवक की मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।