हकिमुददीन नासिर, महासमुंद. माओवादियों के आत्मसमर्पण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. बीबीएम (बलांगीर, बरगढ़, महासमुंद) कमेटी से जुड़े माओवादी आज सरेंडर कर सकते हैं. महासमुंद जिले के बलौदा थाना क्षेत्र (ओडिशा सीमा के समीप) में करीब 15 नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संभावना है. पतेरापाली, कापू कुंडा और जामपाली के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की संभावना है. इसी कड़ी में सरेंडर कराने वाले प्रतिनिधि मंडल की जंगल में माओवादियों से मुलाकात की भी खबर है, जिससे आत्मसमर्पण की प्रक्रिया तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. बीबीएम के नक्सलियों ने हाल ही में गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर 3 मार्च को आत्मसमर्पण और उससे पहले 1 मार्च को दोबारा संपर्क करने की बात कही थी. 

महासमुंद पुलिस और ओडिशा पुलिस ने अपील के पोस्टर जारी कर नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील की है. जिसमें मुख्य धारा में लौट चुके नक्सलियों की तस्वीर भी किया गया है. चस्पा किए गए पोस्टर में उनके संपर्क में रहे माओवादियों के अलावा जिला पुलिस का भी नबंर जारी किया गया है. महासमुंद पुलिस लाइन में सरेंडर को लेकर प्रेसवार्ता की तैयारी हो रही है. 

नक्सलियों ने गृहमंत्री को लिखा था पत्र 

गौरतलब है कि, छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सक्रिय CPI (माओवादी) के बलांगीर-बरगड़-महासमुंद (BBM) डिवीजन के 15 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करने का ऐलान किया है. पश्चिम सब ब्यूरो सचिव विकास ने गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर मुख्यधारा में जुड़ने के लिए तैयार होने की बात कही थी. उन्होंने गृहमंत्री से रेडियो संदेश के माध्यम से सुरक्षा की गारंटी मांगी है. वहीं गृह मंत्री ने भी आश्वासन दिया है कि सरकार पुनर्वास नीति पर पहले से काम कर रही है और जल्द ही वीडियो संदेश जारी करेंगे.