कुंदन कुमार/पटना। नीट छात्रा हत्या मामले को लेकर राजद विधायक आलोक मेहता ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस जघन्य मामले की जांच में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और अब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। मेहता ने सवाल उठाया कि आखिर किस परिस्थिति में इस केस को सीबीआई को सौंपा गया और इसके पीछे सरकार की मंशा क्या है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय लीपापोती करने में जुटी है। उनका कहना था कि जब एसआईटी का गठन हो चुका था और उसके बावजूद कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया, तो इससे साफ संकेत मिलता है कि जांच को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है।
आलोक मेहता ने कहा कि अब लोगों का विश्वास जांच एजेंसियों से भी उठने लगा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर वह इस मामले में ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रही है।

राजद विधायक ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग पहले ‘जंगलराज’ का आरोप लगाते थे, वे आज बिहार की मौजूदा स्थिति पर जवाब दें। राज्य में लगातार हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार सिर्फ बयानबाजी में लगी है।

उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर ऐसे लोगों को जवाब जरूर देगी।