कमल वर्मा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक परिवार को अपनी बेटे की शादी की खुशी पर पड़ोसियों को शराब नही पिलाना महंगा पड़ गया। जिसके बाद नाराज पड़ोसियों ने बवाल मचाते हुए दूल्हा-दुल्हन सहित परिवार के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नही, घरेलू सामान के साथ-साथ रुपए भी छीनकर ले गए। 

पड़ोसियों ने मेहमानों को भी पीटा

पड़ोसियों ने बीच बचाव करने आए मेहमानों को भी पकड़कर पीट दिया। जिसकी शिकायत लेकर दूल्हे का परिवार आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस ने एक पक्ष की तरफ से मामला दर्ज कर दूसरे पक्ष की तरफ से जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, मामला देहात आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव का है जहां रहने वाले महेश जाटव ने अपने परिवार के साथ आज एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत में बताया कि 30 मार्च को  उसकी शादी हुई थी। विवाह के बाद दुल्हन लेकर अपने गांव पटाई पहुंचा था। रात के समय मेहमान और परिवार के लोग खाना खा रहे थे। तभी गांव में ही रहने वाले मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नवल किशोर जाटव वहां आ गए। 

दूल्हे की मां और दुल्हन को भी पीटा

महेश के परिवार से शादी की खुशी और नई दुल्हन आने पर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। जब महेश और उसके परिवार ने शराब के लिए रुपए देने से मना कर दिया तो वह उसके परिवार के लोगों के साथ जमकर गाली गलौज करने लगे। जिसका विरोध किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने आई दूल्हे की मां शीला जाटव और अन्य लोगों के साथ-साथ दुल्हन की भी पिटाई कर दी। 

दूल्हे के घर में रखा सामान और कैश ले गए पड़ोसी

मारपीट के बाद हमलावर पड़ोसी दूल्हे के घर में रखा सामान और कुछ नगदी रुपए ले गए। बाद में शादी वाले परिवार में मौजूद मेहमानों ने भी इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। 

पुलिस ने कही जांच कर कार्रवाई की बात

CSP मनीष यादव का कहना है कि शादी वाले परिवार और उनके पड़ोसियों के बीच शराब के पैसे की मांग को लेकर विवाद हुआ था। इसमें दोनों ही पक्षों के बीच मारपीट हुई। जिसकी दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत की की है। घायलों को मेडिकल कराया गया हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर शादी वाले परिवार का आरोप है कि पड़ोसियों ने शराब के लिए रुपए मांगे और जब उन्होंने मना किया तो फिर मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले को लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m