मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बेटियां निर्भय होकर स्कूल जा रही हैं. उन्हें न कोई डर है, न किसी प्रकार का संकोच. आज महिलाएं पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रही हैं.

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों, बाल विवाह रोकथाम में उत्कृष्ट योगदान देने वाली बालिकाओं तथा मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया. साथ ही विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को ‘नारी शक्ति सम्मान’ प्रदान किया गया.

इसे भी पढ़ें : ‘राष्ट्रपति के प्रति TMC का ये दुराग्रह उनके राजनीतिक अहंकार और ओछी मानसिकता को दर्शाता है- योगी

मुख्यमंत्री ने कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को चेक, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को डीबीटी के माध्यम से 8 करोड़ से ज्यादा का बीमा प्रीमियम और नवचयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए. इस अवसर पर रोजगार संगम पोर्टल के मोबाइल ऐप की लॉन्चिंग के साथ ही बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की पुस्तक ‘सारथी’ और उदिता फाउंडेशन की ‘नवदिशा’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया.