SA vs NZ T20 World Cup 2026 1st Semi Final: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जा रहा टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट को सेमीफाइनल के लिए चार टीमें मिल चुकी हैं। आज पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। इस मैच में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। वहीं, दूसरी टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। करो या मरो वाले मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
सैंटनर ने बताया कि इस मुकाबले के लिए टीम में मैट हेनरी और नीशम की वापसी हुई है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने तीन बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कगिसो रबाडा, मार्को यानसेन और केशव महाराज की वापसी हुई है।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच यह सेमीफाइनल मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है। मुकाबले की शुरुआत 7 बजे से होगी, लेकिन उससे पहले आइए दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़े, ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट, लाइव स्ट्रीमिंग और दोनों टीमों की प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
दक्षिण अफ्रीका की अब तक टूर्नामेंट में अजेय

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका की टीम अब तक मौजूदा टूर्नामेंट में अजेय है। टीम अपने सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम को ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका से हार मिली थी। न्यूजीलैंड टीम को लेकर बात की जाए तो उन्हें 2 मैचों में हार मिली, लेकिन वह सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह पक्की करने में कामयाब रही। पाकिस्तान से टीम का रन रेट बेहतर होने के चलते उसे सेमीफाइनल में एंट्री मिली।
शानदार फॉर्म में हैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी

दक्षिण अफ्रीका की टीम इस समय बेहतरीन लय में नजर आ रही है। बल्लेबाजी में कप्तान एडेन मार्करम जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने सात मैचों में 175 के स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाए हैं। रेयान रिकेल्टन ने भी निरंतर अच्छा प्रदर्शन करते हुए सात मुकाबलों में 171 के स्ट्राइक रेट से 228 रन जोड़े हैं। वहीं, क्विंटन डिकॉक ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई है।
गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी इस विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए हैं। उन्होंने छह मैचों में 12 विकेट चटकाए हैं। कॉर्बिन बॉश भी 11 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। कागिसो रबाडा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में घातक गेंदबाजी की थी, हालांकि वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में नहीं खेले थे।
कीवी टीम भी कम नहीं

कागजों पर भले ही दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी दिखता हो, लेकिन न्यूजीलैंड को हल्के में लेना बड़ी भूल होगी। कीवी टीम बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। टीम 2021 और 2022 टी20 विश्व कप के फाइनल, 2023 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंच चुकी है। मौजूदा टीम में अधिकांश खिलाड़ी पिछले टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, केन विलियम्सन, टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी जरूर महसूस होगी।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। कोलकाता के मैदान पर पिछला मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज की टीम के बीच खेला गया था, जिसमें पिच बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद दिखी थी। ऐसे में इस मैच को लेकर भी इसी तरह की पिच रहने का अनुमान है। उस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी, ताकि दूसरी पारी में ओस आने पर उसका फायदा उठाया जा सके, जिसका असर भी देखने को मिला था। ऐसे में सेमीफाइनल मुकाबले में भी टॉस जीतने वाली टीम ओस को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी कर सकती है, ताकि 200 या उससे अधिक का स्कोर आसानी से चेज किया जा सके। ईडन गार्डन्स का पहली पारी में औसत स्कोर 162 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी में औसत स्कोर 143 रन है।
दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

टी20 प्रारूप में दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की कुल 19 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 12 मुकाबलों में जीत प्रोटियाज टीम के हाथ लगी है। वहीं, न्यूजीलैंड ने सिर्फ सात मैच जीते हैं। टी20 विश्व कप में तो दक्षिण अफ्रीका का न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड शत-प्रतिशत का है। दोनों के बीच इस टूर्नामेंट में कुल पांच मुकाबले खेले गए हैं और पांचों में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जीत हासिल की है। हालांकि, दोनों टीमों की मुलाकात कभी टी20 विश्व कप के नॉकआउट में नहीं हुई है।
दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11
दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग 11
टिम सीफ़र्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन
न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11
एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी
मैच कहां देखें लाइव? (SA vs NZ T20 World Cup 2026 1st Semi Final)

दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच इस सेमीफाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध है।
मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है। अगर आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें। पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें, ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही Lalluram.com वेबसाइट पर भी मैच का लाइव स्कोर उपलब्ध है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

