अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतका अमरेसा कुमारी के पति इंद्रजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला रोहतास थाना क्षेत्र के तुंबा गांव का है।

साल भर पहले हुई थी शादी

मिली जानकारी के अनुसार एक साल पहले ही अमरेसा कुमारी की शादी इंद्रजीत कुमार के साथ से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच आए दिन तनाव बना रहता था। आरोप है कि पति-पत्नी के बीच हुए आपसी तनाव एवं कलह के कारण इंद्रजीत ने गला दबाकर अमरेसा की हत्या कर दी। अमरेसा के मौत की खबर सुनते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

वहीं, घटना की सूचना मिलेत ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में काफी संख्या में महिलाएं व लोग मौजूद थे। वहीं, मौके से आरोपी पति इंद्रजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

प्रताड़ित करते थे ससुराल वाले- भाई

मृतका के भाई अमरजीत कुमार ने यह आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसकी बहन को प्रताड़ित करते रहते थे। भाई ने अपने जीजा पर बहन का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक अमरेसा कुमारी की उम्र लगभग 20 साल थी।

ये भी पढ़ें- बालू माफियाओं ने मोड़ी सोन नदी की धारा, अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों का हल्लाबोल