Nishant Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीतिक सफर की शुरुआत आज रविवार (8 मार्च) से शुरू हो गई। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आज उन्होंने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी सदस्यता दिलाई। जदयू में शामिल होने के बाद निशांत पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचे। निशांत ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर उनसे आशीर्वाद लिया।

इससे पहले निशांत जदयू की सदस्यता लेने के बाद मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और अपने पिता सीएम नीतीश से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने पिता को मिठाई खिलाई और उनका आशीर्वाद लिया। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी बेटे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पिता-पुत्र के इस भावुक पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने अपने विजन को भी सामने रखा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, उनका सबसे बड़ा लक्ष्य बिहार की जनता के दिल में जगह बनाना है। निशांत ने कहा कि, पिछले करीब दो दशकों में उनके पापा नीतीश कुमार ने राज्य के विकास के लिए कई बड़े काम किए हैं, जिसकी वजह से बिहार की छवि बदली है। अब उनकी कोशिश होगी कि उस भरोसे को आगे भी मजबूत किया जाए।

निशांत कुमार ने यह भी कहा कि, उनके लिए राजनीति सिर्फ सत्ता तक पहुंचने का रास्ता नहीं, बल्कि समाज सेवा का एक माध्यम है। उन्होंने युवाओं, गरीबों और वंचित वर्ग के लिए काम करने की बात कही। निशांत ने कहा कि, वे बिहार के विकास को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें- ​नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा, 10 मार्च से कोसी-सीमांचल का दौरा, मधेपुरा बनेगा मुख्य केंद्र