कुंदन कुमार/पटना। बिहार भाजपा के सांगठनिक ढांचे में नई ऊर्जा भरने के लिए नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना आगमन को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। उनके स्वागत की तैयारियों का जायजा लेने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने विपक्षी खेमे पर जमकर निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को ‘ऐतिहासिक नियति’ करार दिया।

​भव्य स्वागत की तैयारी: कार्यकर्ताओं में भारी जोश

​मीडिया से मुखातिब होते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि पाटलिपुत्र की पावन धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन एक उत्सव की तरह है। उन्होंने बताया कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह है और पूरी पार्टी उनके जोरदार स्वागत की तैयारियों में जुटी है। राय के अनुसार, यह दौरा बिहार में आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का एक बड़ा माध्यम बनेगा।

नरेंद्र से नरेंद्र तक: विकसित भारत का संकल्प

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन पर चर्चा करते हुए गृह राज्य मंत्री ने एक आध्यात्मिक और दार्शनिक पहलू साझा किया। उन्होंने कहा ​स्वामी विवेकानंद ने भविष्यवाणी की थी कि 21वीं सदी भारत की होगी। यह एक सुखद संयोग है कि स्वामी विवेकानंद के बचपन का नाम नरेंद्र था और आज देश को विकास की ऊंचाइयों पर ले जाने वाले प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। वे गरीबों के मसीहा हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर विकासात्मक कार्यों के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

विपक्ष पर हमला

​तेजस्वी यादव द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए नित्यानंद राय बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने लालू परिवार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में चारा घोटाला और अलकतरा घोटाला हुआ, उन्हें विकास पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
​उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि बिहार में ‘जंगलराज’ स्थापित करने वाले लोग आज जवाब मांग रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि उन्होंने राज्य के संसाधनों को लूटा है। राय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आपने जो अतीत में किया है, कानून उसकी सजा आपको जरूर देगा।