कुंदन कुमार/पटना। राजधानी में मुख्यमंत्री आवास पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के भीतर की सभी आशंकाओं को विराम देते हुए आत्मविश्वास भरा संदेश दिया।
सीएम का आश्वासन
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा, आप लोग किसी बात की चिंता मत कीजिए। बिहार में काम पहले की तरह ही सुचारू रूप से चलता रहेगा।उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि शासन के कामकाज में किसी को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। नीतीश कुमार ने यह भी साफ किया कि उनका ध्यान पूरी तरह बिहार पर केंद्रित है और वे यहीं रहकर राज्य की प्रगति के लिए समर्पित रहेंगे।
निशांत को राजनीति में लाने की उठी मांग
इस बैठक का सबसे रोचक पहलू मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार को लेकर रहा। पार्टी के कई विधायकों ने एक सुर में मांग उठाई कि अब समय आ गया है जब निशांत को संगठन में बड़ी और सक्रिय जिम्मेदारी सौंपी जाए। हालांकि, नीतीश कुमार ने अब तक अपने बेटे के राजनीतिक भविष्य या उन्हें राजनीति में लॉन्च करने को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन पार्टी के भीतर इस बात को लेकर सुगबुगाहट तेज है।
जल्द शुरू होगा निशांत का बिहार दौरा?
जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि निशांत कुमार जल्द ही औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। चर्चा यह भी है कि वे जल्द ही पूरे बिहार का दौरा करेंगे ताकि जमीन पर कार्यकर्ताओं से जुड़ सकें और पार्टी की जड़ें मजबूत कर सकें। अगर ऐसा होता है, तो यह बिहार की राजनीति और जेडीयू के भविष्य के लिए एक बड़ा मोड़ साबित होगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

