प्रमोद कुमार/कैमूर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नौघरा पहुंचे। यहां आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने जिले के विकास के लिए 209 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए बिहार के बदलते स्वरूप का खाका पेश किया।
NDA शासन में बदला बिहार का चेहरा: मुख्यमंत्री
जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि NDA सरकार से पहले बिहार की स्थिति दयनीय थी। उन्होंने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा, पहले लोग शाम होते ही घर से निकलने में डरते थे, लेकिन आज भयमुक्त वातावरण में विकास हो रहा है। उन्होंने शिक्षा, सड़क, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में हुई प्रगति को रेखांकित करते हुए घोषणा की कि बिहार के हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज और हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। जीविका दीदियों के लिए उन्होंने आर्थिक मदद को बढ़ाकर 2 लाख रुपये तक करने और भविष्य में इसे और विस्तार देने का भरोसा दिया।
कैमूर में बनेगी हाई-सिक्योरिटी जेल: सम्राट चौधरी
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों से बिहार निरंतर प्रगति पथ पर है। उन्होंने बताया कि राज्य में 2.16 करोड़ घरों तक बिजली पहुंचाई गई है। कैमूर के बदलाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, जहां कभी सिर्फ जंगल-पहाड़ थे, वहां आज इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज हैं। अब यहां एक हाई-सिक्योरिटी जेल भी बनाई जाएगी, जिसमें खूंखार अपराधियों को रखा जाएगा।
खेतों को पानी और शहरों को शुद्ध जल की गारंटी
कार्यक्रम में मंत्रियों ने भी अपनी बात रखी। कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार अब विकास की मुख्यधारा में है। वहीं, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि जमनिया जल परियोजना के माध्यम से गंगा का पानी लिफ्ट कर कैमूर के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, भभुआ और मोहनिया के निवासियों को दुर्गावती डैम से पानी प्यूरीफाई कर पीने के लिए सप्लाई किया जाएगा।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

