कैमूर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा मंगलवार को कैमूर और रोहतास पहुंची। कैमूर के चैनपुर स्थित नौघड़ा गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राजद सुप्रीमो लालू यादव और उनके शासनकाल पर तीखा हमला बोला। नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से पहले की सरकार पूरी तरह फालतू थी, जिसका काम सिर्फ समाज में तनाव पैदा करना था।

​सांप्रदायिक सौहार्द और सुरक्षा पर जोर

​मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि पहले बिहार में हिंदू-मुस्लिम झगड़े आम थे। लोग शाम के बाद घरों से निकलने में डरते थे। उन्होंने अपनी उपलब्धि गिनाते हुए कहा, हमारी सरकार ने कब्रिस्तान और मंदिरों की घेराबंदी करवाई, जिससे विवाद खत्म हुए और आज पूरे प्रदेश में शांति का माहौल है। अब जंगलराज वाला डर कहीं नहीं दिखता।

​780 करोड़ की सौगात

  • ​अपनी इस यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने कैमूर और रोहतास को बड़ी सौगातें दीं:
  • ​कैमूर: नौघड़ा गांव में 300 करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
  • ​सासाराम (डेहरी): यहां मुख्यमंत्री ने 480 करोड़ की कुल 308 योजनाओं की नींव रखी और लोकार्पण किया।

​शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर फोकस

​नीतीश कुमार ने कहा कि पिछली सरकारों ने युवाओं और बुनियादी ढांचे की अनदेखी की। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 50 लाख युवाओं को रोजगार दिया है और अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य है। उन्होंने सड़कों के जाल, नए मेडिकल कॉलेजों और शिक्षकों की भर्ती को अपनी सरकार की बड़ी सफलता बताया।

​बिजली और सौर ऊर्जा का वादा

​बिजली संकट पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि अब बिहार के हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। अब सरकार घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगवा रही है, जिससे जनता का बिजली खर्च शून्य हो जाएगा। साथ ही उन्होंने बिहार के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग की सराहना की।

​डिप्टी सीएम का बड़ा बयान

​इस अवसर पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि कैमूर की पहाड़ियों पर एक अत्याधुनिक हाई-सिक्योरिटी जेल बनाई जाएगी, जिसमें खूंखार आतंकवादियों को रखा जाएगा। वहीं मंत्री अशोक चौधरी ने स्पष्ट किया कि बिहार में भविष्य की कोई भी सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चलेगी।