बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण का आज आखिरी दिन है। अपने इस दौरे के समापन पर सीएम बेगूसराय और शेखपुरा जिलों में विकास की नई इबारत लिखेंगे। वे आज कुल 630 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

​बेगूसराय में उद्योगों को मिलेगी रफ्तार

​मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे बेगूसराय पहुंचेंगे, जहां वे 330 करोड़ रुपए की 402 योजनाओं का नेतृत्व करेंगे। इसमें 118.67 करोड़ की 190 परियोजनाओं का शिलान्यास और 211.97 करोड़ की 212 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। विशेष रूप से, सीएम बियाडा कैंपस में कैंपा कोला फैक्ट्री की आधारशिला रखेंगे और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करेंगे। यहां वे जीविका दीदियों से संवाद कर उन्हें संबोधित भी करेंगे।

​शेखपुरा के सर्वा में जनसभा और समीक्षा

​दोपहर करीब 12:50 बजे सीएम शेखपुरा के बरबीघा (सर्वा पंचायत) पहुंचेंगे। यहां वे 300 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री करीब 2 घंटे तक वहां रुकेंगे, जिसमें वे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सीएम शाम 2:55 बजे तक वापस पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।

​डिप्टी सीएम के कंधे पर हाथ रख दिया संदेश

​यात्रा के पिछले पड़ाव (खगड़िया और सहरसा) में सीएम का एक खास अंदाज दिखा। सहरसा में जनसभा के दौरान नीतीश कुमार ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर लोगों से कहा कि इन्हें बताइए कि काम हो रहा है। यह पल सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा, जिसे सरकार के भीतर आपसी सामंजस्य के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।