कुंदन कुमार/पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट को सकारात्मक, स्वागत योग्य और भविष्योन्मुखी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इससे देश की विकास गति को नई ऊर्जा मिलेगी। केंद्र सरकार ने आर्थिक मजबूती और रोजगार सृजन के लिए कई दूरगामी फैसले किए हैं, जो आने वाले समय में प्रभावी साबित होंगे।

हाई स्पीड रेल और जलमार्ग से बिहार को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा ऐतिहासिक है। विशेष रूप से वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर से बिहार को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन तेज होगा। इसके अलावा 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग विकसित करने की योजना के तहत पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इससे बिहार के उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियां मजबूत होंगी।

उद्योग और रोजगार को मिलेगा प्रोत्साहन

बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से बिहार समेत देशभर के युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को बल मिलेगा।

पूर्वोदय राज्यों और शिक्षा पर विशेष फोकस

उन्होंने बताया कि पूर्वोदय और उत्तर-पूर्वी राज्यों पर विशेष ध्यान देने से बिहार को निवेश और आधारभूत संरचना में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। शहरी विकास योजनाओं से शहरों का विस्तार होगा। साथ ही प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना से छात्राओं को उच्च शिक्षा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बेहतर बजट के लिए धन्यवाद दिया।