पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों कड़वाहट अपने चरम पर है। सोमवार को बिहार विधान परिषद का नजारा उस समय बेहद गरमा गया जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सदन की मर्यादा उस समय सवालों के घेरे में आ गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए ई जो लड़की है…जैसे शब्दों का प्रयोग किया।
हंगामे से हुई सदन की शुरुआत
सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दल, विशेषकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सदस्यों ने बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मोर्चा खोल दिया। राबड़ी देवी के नेतृत्व में महिला विधायकों ने सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष के इस आक्रामक रुख को देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना आपा खो बैठे और अपनी सीट से खड़े होकर पलटवार करने लगे।
नीतीश कुमार का तीखा प्रहार
मुख्यमंत्री ने विपक्षी एमएलसी को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों ने शासन में रहते हुए कुछ नहीं किया, सिर्फ शोर मचाना जानते हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिला सदस्यों की ओर इशारा करते हुए कहा, ये जो तीन लोग महिला हैं… वह हल्ला कर रही हैं, वह क्या जानती हैं? उन्हें कुछ पता भी है? इसी दौरान उन्होंने राबड़ी देवी की तरफ इशारा करते हुए विवादित टिप्पणी की- ई जो लड़की है… वह क्या जानती है। इन लोगों पर एक्शन लेना चाहिए। नीतीश कुमार ने आगे कहा कि बिहार आज विकास कर रहा है और इसमें केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है, लेकिन विपक्ष केवल बाधा डालने का काम कर रहा है।
तेजस्वी के बाद अब राबड़ी पर बरसे सीएम
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही विधानसभा में नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को बच्चा हो, चुप रहो कहकर फटकार लगाई थी। अब राबड़ी देवी के प्रति उनके इस संबोधन ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
सदन की कार्यवाही स्थगित
सभापति अवधेश नारायण सिंह ने बार-बार विपक्षी सदस्यों से बैठने और मुख्यमंत्री को सुनने की अपील की, लेकिन हंगामा थमता न देख उन्होंने सदन की कार्यवाही को ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। हंगामे के बीच ही सरकार ने बिहार नगर पालिका योजना सेवा नियमावली 2025 की प्रतियां सदन पटल पर रखीं।
इस घटना ने एक बार फिर बिहार की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गिरते संवाद के स्तर को उजागर कर दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


