० टांगरी नदी के किनारों को मजबूत करने से ही मिलेगा स्थायी समाधान

राघव विज,अम्बाला छावनी। अम्बाला की बेटी व युवा नेत्री चित्रा सरवारा ने अम्बाला में बाढ़ सुरक्षा को लेकर चल रही तैयारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया में चारों और बन रहे सुरक्षा कवच का हम स्वागत करते है लेकिन इंडस्ट्रियल एरिया के चारों ओर सुरक्षा कवच के साथ साथ पूरे अम्बाला खासकर टांगरी नदी के किनारे बसे रिहायशी इलाकों को भी इसी तरह की सुरक्षा की आवश्यकता है।

चित्रा ने कहा कि प्रशासन और सरकार को यह समझना होगा कि इंडस्ट्रियल एरिया और नदी के बीच एक बड़ा रिहायशी क्षेत्र है, जहां पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान हफ्तों तक पानी जमा रहा था। टांगरी के इलाके जैसे रामपुर सरसेहडी,चंदपुरा,आज़ाद नगर,नग्गल,करधान,खोजकीपुर,प्रभुप्रेम पुरम,पूजा विहार,न्यू प्रीत नगर,प्रीत नगर,इंद्रपुरी,जनकपुरी अनेकों ऐसी कॉलोनियां है जहां लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। यहां इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने जाने वाले लोगों के आने-जाने के रास्ते भी बाधित हो गए थे। “अगर टांगरी नदी के दोनों किनारों पर सही तरीके से बंधे बना दिए जाए और पानी को टांगरी नदी के अंदर ही नियंत्रित कर लिया जाए, तो न सिर्फ इंडस्ट्रियल एरिया ब्लकि ये सारे रिहायशी इलाके भी सुरक्षित रहेंगे।

उन्होंने प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया कि ऐसे मुख्य तीन से चार मुख्य पॉइंट हैं, जहां से पानी इलाके में प्रवेश करता है। इन पॉइंट्स का जायजा लेकर युद्धस्तर पर इन इलाकों में भी बाँध लगाने की तैयारी की जाए। साथ ही में टांगरी पुल के नीचे के सभी 8 स्पेन खोल दिये जायें जिसमे से अभी तक 4 स्पेन खुले है 4 बंद है इनको पूर्ण रूप से खुलवाया जाए तो पानी कही भी नही रूकेगा। टांगरी नदी की खुदाई भी सारी नदी में एक बराबर की जाये जिससे किसी भी एक जगह ज्यादा पानी का इकट्ठ न हो या बहाव ना बन सके।

चित्रा सरवारा ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन अहम स्थानों पर काम की धीमी गति आगे चलकर भारी नुकसान का कारण बन सकती है और अब तक किए जा रहे करोड़ों रुपये के निवेश पर भी खतरा पैदा कर सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे अम्बाला के लिए एक समग्र और प्रभावी बाढ़ प्रबंधन योजना तैयार की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की आपदा से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m