रेणु अग्रवाल, धार। यूं तो मध्य प्रदेश में बच्चों का कुपोषण खत्म करने और उन्हें बेहतर आहार उपलब्ध करवाने के लाखों दावे किए जाते हैं। लेकिन करोड़ों खर्च किए जाने पर भी एमपी के माथे पर कुपोषण का दाग मिटता नहीं दिखाई दे रहा है। ऐसे में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां आंगनवाड़ी की जगह भैंसों के तबेले में पोषण आहार पाया गया है। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह ये सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है, वह धार लोकसभा की सांसद और केंद्रीय महिला बाल विकास विभाग राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर का क्षेत्र है।  

दरअसल, पुलिस और तिरला परियोजना अधिकारी को सूचना मिली थी कि ज्ञानपुर के माफीपूरा मार्ग स्थित धीरज शर्मा का भैंस का तबेला है, जहां आंगनवाड़ी में वितरित किया जाने वाला पोषण आहार है। जानकारी पर टीम ने छापामार कार्रवाई की तो मौके से 24 बैग और 29 पैकेट पोषण आहार बरामद हुए। इन पैकेटों पर 6 मार्च 2026 निर्माण की  तारीख लिखी थी। टीम ने इन्हें जब्त कर पंचनामा कर थाने भेजा और कार्रवाई में जुट गई। 

परियोजना अधिकारी  सत्यनारायण मकवाना ने बताया कि यह तबेला किसी यादव के नाम से है। देलमि प्लांट से यह पोषण आहार संभाग के आठ जिलों में पहुंचाया जाता है। मवेशियों को इसे खिलाया जा रहा था या यह यहां तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। 

बता दें कि धार केंद्रीय बाल विकास विभाग राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर का  संसदीय क्षेत्र है। ऐसे में अपने ही इलाके में इस तरह से बच्चों का पोषण आहार भैंस के तबेले तक पहुंचना मॉनिटरिंग पर सवाल खड़े करता है।   

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m