लखनऊ. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली अभिनेता मनोज बाजपेयी की आगामी वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ (ghooskhor pandat) के टाइटल को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है. इसी बीच यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया है कि उनके अनुरोध पर भारत सरकार ने इस सीरीज के टाइटल ‘घूसखोर पंडत’ को हटाने के निर्देश दिए हैं.

डिप्टी सीएम एक पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की है. उन्होंने लिखा है कि ‘पंडित शब्द विद्वता और त्याग का प्रतीक रहा है, ब्राह्मणों का योगदान राष्ट्र निर्माण में प्रथम पंक्ति में रहा है, “ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ब्राह्मण समाज को अनुचित तरीके से इंगित कर आगामी समय में रिलीज को प्रस्तावित “घूसखोर पंडत” शीर्षक फिल्म जो कि वर्ग विशेष की भावनाओं को आहत करने वाली थी, जिसके संबंध में मेरे द्वारा भारत सरकार से फिल्म के शीर्षक को हटाने का अनुरोध किया गया था.’

इसे भी पढ़ें : ‘घूसखोर पंडित’ पर मायावती की आपत्ति : कहा- ’पंडत’ को घूसखोर बताकर पूरे देश में इनका अपमान और अनादर किया जा रहा, सीरीज को प्रतिबंधित करे सरकार

डिप्टी सीएम ने आगे लिखा कि ‘भारत सरकार ने मेरे अनुरोध को स्वीकार करते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इस शीर्षक को हटाने के सख्त निर्देश जारी करते हुए भविष्य में किसी भी वर्ग विशेष पर इस तरह की अनुचित टिप्पणी को फिल्मों, वेब सीरीज एवं अन्य माध्यमों में अमल में न लाए जाने के निर्देश दिए हैं. जिससे सामाजिक विद्वेष पनपता हो. मैं इस मांग को स्वीकार करने पर भारत सरकार का ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूं’.