राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि अगर स्वतंत्रता सेनानी वी.डी. सावरकर को भारत रत्न से सम्मानित किया जाता है, तो इससे भारत रत्न की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आरएसएस चीफ के इस बयान पर अब एआईएमआईएम सांसद और अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक ऐसा भी दिन आएगा जब ये भारतीय जनता पार्टी नाथूराम गोडसे को भी भारत रत्न से सम्मानित करने पर विचार करेगी।

तेलंगाना के महबूबनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी वाले एक ऐसे व्यक्ति को भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं जिसने अंग्रेजों को छह दया याचिकाएं लिखीं। जस्टिस कपूर जोकि सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया थे। इन्होंने महात्मा गांधी की हत्या के बाद कमीशन बनाया था। क्या जस्टिस कपूर ने नहीं कहा था कि ये शख्स गांधी की हत्या में साजिशकर्ता था। जिसने गांधी की हत्या की साजिश की आप उसको बोल रहे हो मुबारक हो। एक ऐसा वक्त आएगा एक दिन इस देश में गोडसे को भी बीजेपी वाले भारत रत्न दे देंगे।”

पुरस्कार की बढ़ जाएगी प्रतिष्ठा- मोहन भागवत

बता दें कि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भगवत ने कहा था कि अगर वी.डी. सावरकर को भारत रत्न से सम्मानित किया जाता है, तो इस पुरस्कार की प्रतिष्ठा और बढ़ जाएगी। मोहन भागवत ने संघ के एक कार्यक्रम में सावरकर को पुरस्कार देने में हो रही देरी से संबंधित सवालों का जवाब देते हुए कहा, “मैं उस समिति का सदस्य नहीं हूं, लेकिन अगर मेरी मुलाकात किसी ऐसे व्यक्ति से होती है जो उस समिति का सदस्य है, तो मैं उनसे इस बारे में पूछूंगा। अगर स्वतंत्र वीर सावरकर को भारत रत्न दिया जाता है, तो भारत रत्न का सम्मान और बढ़ जाएगा। सम्मान के बिना भी, वे लाखों दिलों पर राज करते हैं।”

आरएसएस और उससे संबंधित सगठनों की बार-बार मांग के बावजूद सावरकर को भारत रत्न से सम्मानित करने के संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बीजेपी ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से पहले सावरकर को यह सम्मान देने का वादा किया था, लेकिन सरकार ने तब से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।

संजय राउत ने पीएम मोदी को लिखा था पत्र

सावरकर को भारत रत्न से सम्मानित करने का पहला औपचारिक प्रस्ताव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के दौरान उठाया गया था। 2015 में, शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर एनडीए सरकार से सावरकर को सम्मानित करने और उनके हिंदुत्ववादी विचारों के कारण जानबूझकर उनकी उपेक्षा करने वाली पिछली सरकारों की गलतियों को सुधारने का आग्रह किया था। बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपने गठन के 100 साल पूरे होने पर मुंबई में दो दिन के एक इवेंट का आयोजन किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m