Bihar Crime: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार में हिंसक झड़प देखने को मिली है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरा मामला बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा मठिया गांव की है। वहीं, घटना आज शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है।

जमीन विवाद को लेकर मारपीट

मिली जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार की सुबह 7 बजे के करीब परिवार के सदस्यों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया। शुरू में यह विवाद आपसी बहस और गाली-गलौज तक सीमित था। हालांकि धीरे-धीरे बाद में इसने हिंसक रूप ले लिया।

पिता और बड़े बेटे ने किया भाइयों पर हमला

आरोप है कि पिता ने बड़े बेटे के साथ मिलकर अपने ही अन्य बेटों (अखिलेश, विजय और कमलेश) पर हमला कर दिया। हमले में धारदार हथियार का प्रयोग होने से तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इस महाले में विजय पटेल को गंभीर चोट लग गई, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वहीं, अखिलेश के पेट में भाला से गंभीर चोट आई है।

विजय की मौत, अखिलेश की हालत गंभीर

घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विजय पटेल को मृत घोषित कर दिया है। वहीं, पेट में भाला लगने से अखिलेश की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जबकि घटना में चोटिल कमलेश की हालत स्थिर बताई जा रही है। दोनों भाइयों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मौकेपर बैरिया थाना की पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दूसरी तरफ घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद से आरोपी सभी फरार

पुलिस के अनुसार, मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि, घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। उनकी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। घायल व्यक्तियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर कांड में बड़ा एक्शन, SHO समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, SSP ने CID को सौंपी जांच