संसद में जारी गतिरोध के बीच अब विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (OM Birla) के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में जुट गया है। सूत्रों के मुताबिक, स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार किया जा रहा है और इस मुद्दे पर कई विपक्षी दलों के बीच सहमति बनती नजर आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ विपक्षी नेताओं की एक अहम बैठक हुई है, जिसमें संसद में विपक्ष को बोलने का अवसर न मिलने को लेकर नाराजगी जताई गई। विपक्षी नेताओं का कहना है कि यदि उन्हें सदन में अपनी बात रखने से रोका जाता रहा, तो वे मजबूरन स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का कदम उठाएंगे।

सोमवार को भी संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित रही, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। विपक्ष का आरोप है कि सदन की कार्यवाही निष्पक्ष तरीके से नहीं चलाई जा रही, जबकि सरकार और सत्तापक्ष की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, लगभग सभी विपक्षी दल लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर सहमत हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इसे लेकर जल्द ही लोकसभा महासचिव को नोटिस सौंपने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इस पर अभी औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। बजट सत्र के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार लगातार देखने को मिल रही है। विपक्ष का आरोप है कि उसे सदन में अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया जा रहा, जबकि सत्तापक्ष इन आरोपों को निराधार बता रहा है।

इस टकराव का असर सदन की कार्यवाही पर भी पड़ा। विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित करना पड़ा, जो संसदीय परंपराओं के लिहाज से असामान्य माना जा रहा है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के एक वीडियो को लेकर विपक्ष ने कड़ा ऐतराज जताया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। विपक्षी सांसदों का आरोप है कि एक संवैधानिक पद पर रहते हुए मुख्यमंत्री का ऐसा आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा एक मुख्यमंत्री होते हुए इस तरह के वीडियो बनवाते हैं, जिन्हें असम बीजेपी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट करती है और विवाद बढ़ते ही उसे डिलीट कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

लोकसभा में नहीं चला प्रश्नकाल

सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका। सदन की कार्यवाही शुरू होने के महज पांच मिनट बाद ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बैठक को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया। कार्यवाही की शुरुआत में अध्यक्ष ओम बिरला ने अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी। इस पर सदन में मौजूद सदस्यों ने मेजें थपथपाकर टीम की जीत का स्वागत किया।

इसके बाद जैसे ही अध्यक्ष ने प्रश्नकाल शुरू कराने की कोशिश की, कांग्रेस के सदस्य नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग करने लगे। हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रश्नकाल के दौरान केवल प्रश्न पूछने की अनुमति होती है और इस समय किसी अन्य विषय को उठाने की परंपरा नहीं है।ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से शांत रहने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा कि बजट पर होने वाली चर्चा के दौरान सभी सदस्यों को उनके लिए निर्धारित समय के अनुसार बोलने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सांसदों को नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल में या बजट पर चर्चा के दौरान सभी सदस्यों को बोलने का पूरा अवसर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेता प्रतिपक्ष हों या कोई अन्य सदस्य सभी को समान रूप से समय दिया जाता है और बजट पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखी जा सकती है। अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों से नियोजित तरीके से सदन की कार्यवाही बाधित न करने का अनुरोध करते हुए कहा, “प्रश्नकाल सांसदों का समय होता है। इस दौरान सदन को बाधित नहीं करें। सदन नियम और प्रक्रियाओं से चलता है। यह नियोजित गतिरोध और नारेबाजी के लिए नहीं है।” इसके बावजूद कांग्रेस सांसद आसन के पास आकर नारेबाजी करने लगे। शोर-शराबा थमने का नाम नहीं लेने पर लोकसभा अध्यक्ष ने पांच मिनट बाद ही सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m