सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रदेशभर के शीशी (कांच) बॉटल व्यापारी एकजुट हुए हैं और अपनी मांगों को लेकर पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर की अगुवाई में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने कहा है कि प्लास्टिक में शराब बेचना न तो उपभोक्ताओं के लिए उचित है और न ही व्यापारियों के हित में है। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि राज्य में शराब की बिक्री प्लास्टिक बोतलों में किए जाने के फैसले से उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शीशी बॉटल व्यापारी आमिन मुगल और राम प्रकाश ने बताया कि अचानक कांच की बोतलों की खरीदी बंद कर दी गई है, जिससे व्यापार ठप पड़ गया है। कंपनियों और वेयरहाउस ने पिछले 10 दिनों से कांच की बोतलें लेना बंद कर दिया है।

व्यापारियों के अनुसार, उनके पास लाखों-करोड़ों रुपये के कांच के बॉटल स्टॉक में पड़े हैं, जो अब बिक नहीं पा रहे हैं। इससे एक तरफ भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ रोजगार पर भी संकट मंडरा रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो प्रदेश में 15 लाख से अधिक लोगों के बेरोजगार होने का खतरा पैदा हो सकता है। व्यापारियों ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि उनका नुकसान न हो और किसी का रोजगार न छीने। कांच की बोतलों की खरीद फिर से शुरू की जाए।

