सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के पताही थाना क्षेत्र में भैंस के हमले से उसके मालिक की मौत हो गई। घटना बेलाही राम पंचायत के मिर्जापुर गांव के वार्ड संख्या दो की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सकल साह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार सकल साह अपनी भैंस को एक स्थान से लाकर खटाल में बांधने और चारा खिलाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भैंस अचानक बेकाबू हो गई।

भैंस ने उन्हें खदेड़कर जमीन पर पटक दिया और फिर उनके सीने व पैरों पर चढ़ गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह भैंस को काबू में किया, लेकिन तब तक सकल साह की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

किसान की असामयिक मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पंचायत के सरपंच दशरथ चौरसिया ने घटना के संबंध में बताया कि, उनके पंचायत के एक किसान की भैंस द्वारा कुचलने से मौत हुई है। वहीं, पताही थानाध्यक्ष बवन कुमार ने बताया कि, उन्हें अभी तक इस तरह घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। स्थानीय चौकीदार से जानकारी ली जा रही है और सूचना मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- दरभंगा दुष्कर्म-हत्या कांड पीड़ित परिवार से मिले प्रशांत किशोर, बोले- बिहार में चल रहा अधिकारियों का जंगलराज