अनिल मालवीय, इछावर। बिलकिसगंज रोड पर स्थित बहुचर्चित पनीर फैक्ट्री में इन दिनों एक अजीबोगरीब खेल चल रहा है। जिस फैक्ट्री के मालिक किशन मोदी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 20 करोड़ से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग और मिलावटखोरी के आरोप में सलाखों के पीछे भेज दिया है, वह फैक्ट्री आज भी धड़ल्ले से चालू है। हैरान करने वाली बात यह है कि बाहर के मुख्य गेट पर ताला लटका है, लेकिन पीछे के रास्तों से लेबर, गाडिय़ां और कच्चे माल की आवाजाही जारी है।
पड़ताल में सामने आया है कि प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए कंपनी का नाम बदल दिया गया है, जो फैक्ट्री पहले जयश्री गायत्री फूड (मिल्क मैजिक) के नाम से जानी जाती थी, उसे अब हेल्थ ब्रिज प्राइवेट लिमिटेड का नया बोर्ड देकर संचालित किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को गुमराह करने के लिए सामने का गेट बंद रखा जाता है ताकि लगे कि फैक्ट्री सील है, जबकि अंदर घी, दूध और पनीर जैसे उत्पादों की पैकिंग का काम जोरों पर है।
गार्ड का पहरा, बिजली कटने के बाद भी संचालन
बता दें जब इस गोपनीय संचालन की जानकारी लेने की कोशिश की गई तो फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों ने किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। मालूम हो कि पूर्व में कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री की बिजली भी काट दी गई थी, इसके बावजूद अंदर काम का चलना कई बड़े सवाल खड़े करता है। आखिर किसके संरक्षण में बिना बिजली और बिना मालिक के इतनी बड़ी यूनिट संचालित हो रही है।
20 करोड़ की धोखाधड़ी का यह मामला
बता दें कि ईडी के भोपाल जोनल ऑफिस ने किशन मोदी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ था कि कंपनी दूध के प्राकृतिक फैट की जगह हानिकारक पाम ऑयल और रसायनों का उपयोग कर रही थी। हद तो तब हो गई जब कंपनी ने विदेशों में एक्सपोर्ट क्लीयरेंस पाने के लिए प्रतिष्ठित लैब की फर्जी टेस्ट रिपोर्ट तक तैयार कर ली। ईडी ने फर्जीवाड़े से कमाई गई 20.59 करोड़ रुपये की राशि को प्रोसीड्स ऑफ क्राइम (अपराध की कमाई) घोषित किया है।
वहीं इस मामले में फूड स्पेक्टर सारिका गुप्ता ने कहा कि पूर्व में जब कार्रवाई हुई थी, तब फैक्ट्री बंद पाई गई थी। अब इसे दोबारा कब और कैसे शुरू कर लिया गया, इस संबंध में फिलहाल विभाग को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। हम टीम भेजकर सैंपल लेंगे और जांच करेंगे कि वर्तमान में वहां क्या गतिविधियां चल रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

