जुबैर अंसारी/सुपौल। जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेश्वरी पूर्वी पंचायत के वार्ड 10 से एक कथित ‘पकड़ौआ विवाह’ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। बताया जा रहा है कि मामला एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, जो अचानक जबरन विवाह और फिर कानूनी बहस में बदल गया।
प्रेम-प्रसंग से विवाद तक
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब दो दिन पहले शाम लगभग 5 बजे मधेपुरा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के रामनगर महेश निवासी 22 वर्षीय युवक निरंजन यादव अपनी प्रेमिका से मिलने राजेश्वरी पूर्वी पंचायत पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजन और कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवक को पकड़ लिया गया और कथित तौर पर वहीं विवाह की रस्में पूरी करा दी गईं।
वीडियो में नाबालिग होने का दावा
घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब फेसबुक, व्हाट्सएप समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल है। वीडियो में ग्रामीण युवक-युवती से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। युवक अपनी उम्र 22 वर्ष बताता है, जबकि लड़की खुद को 15 वर्ष की बताती है। लड़की के नाबालिग होने के दावे ने मामले को गंभीर कानूनी मोड़ दे दिया है।
कानूनी सवाल और प्रशासन की चुप्पी
यदि लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि होती है, तो मामला बाल विवाह निषेध कानून सहित अन्य धाराओं में दर्ज हो सकता है। फिलहाल राजेश्वरी थानाध्यक्ष ने कहा है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


