Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान-अफगानिस्तान में युद्ध शुरू हो गया है। गुरुवार देर रात अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर हमला कर दिया। कुनार प्रांत में तालिबान (Taliban) लड़ाकों के हमले में पाकिस्तानी सेना के 55 जवान मारे गए हैं। वहीं तालिबानी लड़ाकों (Taliban fighters) ने पाकिस्तान की 19 चौकियों पर भी कब्जे का दावा किया है। अफगान बलों ने एक पाकिस्तानी विमान को मार गिराया है जो अफगानिस्तान के एयर स्पेस में घुस गया था। अफगान सरकार का दावा है कि 23 पाकिस्तानी सैनिकों के शव उनके पास हैं। यह जानकारी टोलो न्यूज ने तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के हवाले से दी है।

तालिबान के हमलों के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगान तालिबान के खिलाफ ‘ओपन वॉर’ घोषित कर दिया। इसके बाद PAK ने भी काबुल-कंधार में एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान ने 72 तालिबान लड़ाके मारने का दावा किया है।

इससे पहले पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताुल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर कहा कि “अफगान तालिबान के रक्षा ठिकानों” को काबुल, पकतिया प्रांत और कंधार में निशाना बनाया गया। वहीं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने काबुल के खिलाफ “खुली जंग” की घोषणा की, जबकि आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने इसे “तालिबान की खुली आक्रामकता का उचित जवाब” बताया। काबुल में करीब दो घंटे तक लड़ाकू विमानों की आवाज, जोरदार धमाके और गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी। कंधार में मौजूद पत्रकारों ने भी आसमान में जेट विमानों की आवाज सुनने की पुष्टि की। यह शहर तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबातुल्लाह अखुंदजदा का गढ़ माना जाता है।

काबुल-कंधार में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक पर अफगानिस्तान के इस्लामी अमीरात के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने पाकिस्तान पर काबुल, कंधार और पक्तिया में हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर लिखा, डरपोक पाकिस्तानी सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया में एयरस्ट्राइक की हैं। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

क्षेत्रीय अखंडता पर समझौता नहीं करेगा पाकिस्तान

वहीं पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय अखंडता पर कोई समझौता नहीं करेगा। हमारी सशस्त्र सेनाओं की प्रतिक्रिया व्यापक और निर्णायक है, जो लोग हमारी शांति को कमजोरी समझते हैं, उन्हें कड़ा जवाब मिलेगा और कोई भी बच नहीं पाएगा।

अफगानिस्तान का जवाबी हमला

दरअसल हाल ही में पाकिस्तान की तरफ से किए गए एयरस्ट्राइक के जवाब में अफगानिस्तान की सेना ने गुरुवार को पाकिस्तान पर हमला किया। अफगानिस्तान की सेना ने दावा किया कि उसने 19 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों और एक मुख्यालय पर कब्जा कर लिया है। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने गुरुवार रात एक पोस्ट में कहा, पाकिस्तानी सेना के बार-बार किए गए विद्रोहों और बगावत के जवाब में, डूरंड रेखा के साथ पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और सैन्य प्रतिष्ठानों पर बड़े पैमाने पर आक्रामक अभियान चलाए गए। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि जवाबी हमले सीमा के साथ पांच प्रांतों में हो रहे हैं। दोनों देशों की 2,611 किलोमीटर (1,622 मील) लंबी सीमा को डूरंड रेखा के नाम से जाना जाता है, जिसे अफगानिस्तान ने औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m