Pakistan Airstrike In Kabul: पाकिस्तान और अफगानिस्तान (Pakistan–Afghanistan War) के हालात तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से दोनों ही देश एक दूसरे पर लगातार हमले कर रहे है। सोमवार रात एक बार फिर पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बड़ा हमला किया। पाकिस्तान सेना ने काबुल में एयर स्ट्राइक कर अस्पताल और रिहायशी इलाकों में बम गिराए। इस हमले में 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। वहीं 250 से अधिक घायल हैं।

अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया कि पाकिस्तान ने काबुल में नशा मुक्ति केंद्र पर हवाई हमला किया है। इसमें 400 लोग मारे गए और 250 घायल हुए हैं। तालिबान (Taliban) ने इसे मानवता के खिलाफ हमला बताया है। जबकि पाकिस्तान ने आरोपों को खारिज किया है।

जानकारी के अनुसार बीती रात साढ़े 9 बजे पाकिस्तानी वायुसेना ने अपने JF-17 और F-16 विमानों से काबुल में हमला किया। इसमें अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के पास रिहायशी इलाके, खुफिया एजेंसी GDI के हेडक्वार्टर के पास रिहायशी इलाके, राष्ट्रपति भवन के पास रिहायशी इलाके और काबुल एयरपोर्ट के पास पुराने नाटो बेस में स्थित 2 हजार बेड वाला सरकारी अस्पताल शामिल था। पाकिस्तानी वायुसेना के भारी पेलोड के इस्तेमाल से रक्षा मंत्रालय और GDI के हेडक्वार्टर के पास पूरा आसमान आग से भर गया। वहीं राष्ट्रपति भवन के पास के रिहायशी इलाके में भी आग की लपटें उठीं। काबुल के पार्की सनाई कोचक इलाके में नशे के आदी मरीजों के इलाज वाले 2 हजार बेड वाले अस्पताल पर बमबारी के बाद पूरा अस्पताल आग के गोले की तरह धधकने लगा।

मौत और घायल होने वालों की संख्या

23 मिनट में काबुल की पांच जगहों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई बमबारी में रात 2 बजे तक की जानकारी के अनुसार 400 लोगों की मौत हो गई और 250 से अधिक लोग घायल हुए। काबुल के अलावा पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में भी बमबारी की, जिसमें फिलहाल किसी के मारे जाने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। काबुल में फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है और अस्पताल समेत रिहायशी इलाकों से लाशों और दबे लोगों को निकालने का काम जारी है।

काबुल हमले पर अफगान क्रिकेटरों का गुस्सा

अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi) ने पाकिस्तान की ओर से काबुल पर हुए हमलों को लेकर चिंता व्यक्त की है। नबी ने बमबारी के शिकार हुए लोगों के बारे में लिखते हुए कहा-“माएं अपने बेटों के नाम पुकारती थीं, उनका इंतजार करती रहीं। रमजान की 28वीं रात को उनकी ज़िंदगियां अधूरी रह गईं। राशिद खान (Rashid Khan) ने भी काबुल के एक नशा मुक्ति केंद्र पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमले की कड़ी निंदा की है और नागरिक की मौत को लेकर चिंता जाहिर की है। राशिद खान ने कहा कि आवासीय इलाकों, शिक्षा संस्थानों और अस्पतालों को निशाना बनाना वॉर क्राइम है। उन्होंने आगे कहा-रमजान के पाक महीने में लोगों के कीमती जीवन का अपमान करना दिल को तोड़ देने वाला काम है। ऐसे क्राइम केवल लोगों के बीच विभाजन और नफरत को बढ़ावा देते हैं।

पाकिस्तान ने आरोपों को किया खारिज

हालांकि तालिबान के इन दावों को पाकिस्तान ने सिरे से खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ़ ज़ैदी ने अफगानिस्तान के आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताते हुए खारिज कर दिया। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने भी साफ किया कि हमले बेहद सटीक थे और केवल मिलिट्री ठिकानों और आतंकवादी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया था, किसी भी ऐसे जगह को टारगेट नहीं किया गया जहां आम लोग रह रहे थे।

कई दिनों से चल रहा दोनों देशों के बीच तनाव

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच यह तनाव काफी लंबे समय से चल रहा है। दोनों ही देशों की तरफ से एक दूसरे पर हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है. अफगानिस्तान में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा सबसे बड़ा हमला है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में संघर्ष की शुरुआत 22 फरवरी को हुई थी। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयर स्ट्राइक की थी। .

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m