मुजफ्फरपुर। उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जासूसी नेटवर्क का एक बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस गैंग के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला नौशाद अली उर्फ लालू, मथुरा की एक महिला मीरा और एक नाबालिग शामिल है।
देवघर मंदिर था निशाने पर
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि झारखंड का प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर (देवघर) आतंकियों के निशाने पर था। नौशाद को मंदिर की सटीक GPS लोकेशन और वहां के वीडियो भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इतना ही नहीं, यह गैंग बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान समेत कई VIP हस्तियों की रेकी कर रहा था और उनकी तस्वीरें भी पाकिस्तान भेजी जा चुकी थीं।
कैसे काम करता था यह नेटवर्क?
नौशाद अली इस नेटवर्क के सरगना सुहेल मलिक उर्फ रोमियो का दाहिना हाथ बताया जा रहा है। नौशाद पिछले कुछ समय से फरीदाबाद के नचौली गांव में एक पेट्रोल पंप पर पंचर बनाने की आड़ में जासूसी कर रहा था। गिरफ्तार महिला मीरा, जो खुद को मुंबई पुलिस की मुखबिर बताती है, वह भी इस साजिश का हिस्सा थी। नाबालिग का इस्तेमाल दिल्ली कैंट स्टेशन पर सोलर बेस्ड कैमरा लगाने के लिए किया जाना था।
तस्वीरों का रेट कार्ड और अब तक की गिरफ्तारियां
DCP सिटी धवल जायसवाल के अनुसार, यह गिरोह रेलवे स्टेशनों और सैन्य प्रतिष्ठानों की तस्वीरें और वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पाकिस्तान भेजता था। इन जासूसों को एक फोटो के बदले 4 से 6 हजार रुपये मिलते थे। इस मामले में मेरठ के सुहेल सहित अब तक कुल 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। यह गिरोह देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा बना हुआ था, जिसे समय रहते बेनकाब कर दिया गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

