इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और साल 1992 के विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान की सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में चिंता गहराती जा रही है। 73 वर्षीय इमरान की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति की खबरों के बीच दुनिया के 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को संयुक्त पत्र लिखकर उन्हें तत्काल और समुचित चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि इस सूची में एक भी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का नाम शामिल नहीं है, जबकि हाल के दिनों में कुछ पाकिस्तानी दिग्गजों ने सोशल मीडिया के जरिए बेहतर इलाज की मांग जरूर उठाई थी।
पाक प्रधानमंत्री से की अपील
पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संबोधित पत्र में इमरान खान की हिरासत और उनके साथ हो रहे व्यवहार पर गहरी चिंता व्यक्त की है। पत्र में कहा गया है कि इमरान खान विश्व क्रिकेट के महानतम ऑलराउंडरों और प्रेरणादायी कप्तानों में से एक रहे हैं।
उन्होंने 1992 में पाकिस्तान को पहला और ऐतिहासिक विश्व कप खिताब दिलाया था, जो खेल भावना और नेतृत्व का प्रतीक माना जाता है। पूर्व कप्तानों ने लिखा है कि हालिया रिपोर्टों में उनकी सेहत, विशेषकर दृष्टि कमजोर होने की खबरें अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया है कि इमरान को तत्काल विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज मुहैया कराया जाए और हिरासत की स्थिति मानवीय एवं गरिमापूर्ण रखी जाए।
किन-किन दिग्गजों ने किए हस्ताक्षर
संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और कपिल देव शामिल हैं। इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, किम ह्यूज और स्टीव वॉ, इंग्लैंड के माइकल एथरटन, नासिर हुसैन, माइकल ब्रियरले और डेविड गावर, वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड, न्यूजीलैंड के जॉन राइट तथा ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला कप्तान बेलिंडा क्लार्क के नाम प्रमुख हैं।

इस सूची में किसी भी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का नाम नहीं होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
सेहत को लेकर बढ़ी चिंता

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान की दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है। उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि जेल में उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही। दिसंबर 2025 में उनके बेटे सुलेमान ने दावा किया था कि उन्हें एक बेहद छोटी कोठरी में रखा गया है, जिसे ‘डेथ सेल’ कहा जाता है।
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। वर्ष 2022 में सत्ता से हटाए जाने के बाद उन पर भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज किए गए। दिसंबर 2025 में उन्हें 31 वर्ष की सजा सुनाई गई।
पाकिस्तानी दिग्गजों की चुप्पी
हालांकि हाल ही में वसीम अकरम, वकार यूनिस और शाहिद अफरीदी जैसे पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से इमरान को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने की मांग की थी, लेकिन औपचारिक संयुक्त पत्र पर किसी भी पाकिस्तानी पूर्व कप्तान के हस्ताक्षर नहीं हैं।
खेल से परे मानवीय अपील
पत्र के अंत में पूर्व कप्तानों ने स्पष्ट किया है कि यह अपील किसी कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप के उद्देश्य से नहीं, बल्कि खेल भावना और मानवीय मूल्यों के आधार पर की गई है। उन्होंने लिखा, “क्रिकेट हमेशा देशों के बीच सेतु का काम करता रहा है। प्रतिद्वंद्विता पिच तक सीमित रहती है, सम्मान हमेशा कायम रहता है।”
इमरान खान की सेहत को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंता अब राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

