PAK vs NZ T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच रहा है। आज से सुपर-8 राउंड की शुरुआत हो रही है और पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। सेमीफाइनल की राह तय करने वाले इस चरण में हर मैच बेहद अहम है, ऐसे में दोनों टीमें जीत के साथ अभियान की मजबूत शुरुआत करना चाहेंगी।

कोलंबो में होगी भिड़ंत

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान ने अपने लीग चरण के सभी मैच श्रीलंका में खेले थे और सुपर-8 के मुकाबले भी वहीं खेलेगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। सुपर-8 के पहले दिन केवल एक ही मुकाबला खेला जाएगा।

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी

टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पाकिस्तान ने 5 में जीत दर्ज की है, जबकि न्यूजीलैंड को 2 मैचों में सफलता मिली है।

दोनों के बीच आखिरी टी20 विश्व कप मुकाबला 2022 में हुआ था, जहां पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। ऐसे में कीवी टीम इस बार बदला चुकाने के इरादे से उतरेगी।

ओवरऑल टी20 रिकॉर्ड में कांटे की टक्कर

ओवरऑल टी20 रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मुकाबला काफी संतुलित है। अब तक खेले गए 49 टी20 मैचों में पाकिस्तान ने 24 और न्यूजीलैंड ने 23 मुकाबले जीते हैं। हालांकि न्यूट्रल वेन्यू पर पाकिस्तान का रिकॉर्ड ज्यादा प्रभावशाली रहा है। ऐसे 14 मुकाबलों में से 11 में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की है। यह आंकड़ा न्यूजीलैंड के लिए चिंता का विषय बन सकता है।

ग्रुप स्टेज में दोनों का प्रदर्शन

टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण में दोनों टीमों का प्रदर्शन लगभग समान रहा। न्यूजीलैंड ने 4 में से 3 मैच जीते, जबकि उसे एकमात्र हार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली। पाकिस्तान ने भी 4 में से 3 मैच जीते और उसकी एकमात्र हार भारत के खिलाफ रही। दोनों टीमें आत्मविश्वास के साथ सुपर-8 में पहुंची हैं। अब असली परीक्षा शुरू हो रही है।

आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद के साथ शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को शॉट खेलने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती और गेंद बल्ले पर ठीक-ठाक आती है।

हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है और गेंद अपनी चमक खोने लगती है, मिडिल ओवर्स में स्पिनरों को जबरदस्त मदद मिलने लगती है। पिच धीरे-धीरे धीमी होती जाती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए रन बनाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

इस विकेट पर 160 से ऊपर का स्कोर अक्सर प्रतिस्पर्धी माना जाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करने की रणनीति अपना सकती है।

सुपर-8 के इस पहले मुकाबले में रणनीति, संयम और परिस्थितियों के अनुरूप खेल ही जीत की कुंजी साबित होगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस हाई-वोल्टेज टक्कर पर टिकी हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H