इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के ​सिमरिया कस्बे में आज एक पागल कुत्ते ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। इस आवारा कुत्ते ने राह चलते करीब आधा दर्जन बच्चों पर अचानक हमला कर उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। ​ कुत्ते के हमले में सबसे ज्यादा चोटें मासूम बच्चों को आई हैं। 

घायलों में अयान खान (9 वर्ष), ऋषिका वर्मा (6 वर्ष) और प्रिंस वर्मा (12 वर्ष) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया है।

लोगों का कहना है कि कुत्ता इतना आक्रामक है कि वह सामने आने वाले हर व्यक्ति पर झपट रहा है। घटना के बाद से परिजनों में भारी आक्रोश और डर है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि खूंखार कुत्ते को तुरंत पकड़ा जाए ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके। फिलहाल, लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर निकालने में कतरा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m